सहारनपुर। गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम नागल अहीर के जंगल में 14 अगस्त को मिली महिला इमराना की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में शमशाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने इमराना से प्रेम संबंध होने, पैसों को लेकर विवाद और उसके दूसरे युवक केसर से संपर्क को लेकर नाराजगी की बात बताई है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि मृतका इमराना पत्नी वाजिद निवासी खेड़ा मवी खुर्द की पहचान होने के बाद गागलहेड़ी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। शुरुआती जांच में बहेड़ी गुर्जर निवासी केसर का नाम सामने आया था। पुलिस ने घटनास्थल और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान शमशाद का नाम सामने आया।
पुलिस के अनुसार, शमशाद को 22 अगस्त को हरौड़ा कट से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह इमराना के पड़ोस में रहता था और दोनों के मकानों की छत आपस में मिली हुई थी। आरोपी के मुताबिक, करीब सात-आठ महीनेसे दोनों के बीच प्रेम संबंध थे।
पुलिस का कहना है कि इमराना अपनी बेटी आफरीन की शादी के लिए शमशाद से बार-बार पैसों की मांग कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इमराना को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और हत्या के बाद शक किसी दूसरे व्यक्ति पर जाने की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सरिया से इमराना के सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और संदेह को दूसरे व्यक्ति की ओर मोड़ने का प्रयास किया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट: काशिफ खान









