नूरपुर। बिजनौर जिले के नूरपुर में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर स्टेट हाईवे-74 पर हंगामा किया और चालक की गिरफ्तारी तथा मुआवजे की मांग की।
जानकारी के अनुसार, नूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम राजा का ताजपुर निवासी कुणाल अपनी मां गुड़िया के साथ बाइक से जलावदीपुर में आयोजित नामकरण संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। रविवार दोपहर करीब 12 बजे मंडी समिति के पास उनकी बाइक तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आ गई। हादसे में गुड़िया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुणाल घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रोडवेज बस को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। बताया गया कि हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने चालक की गिरफ्तारी और परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हंगामे के कारण स्टेट हाईवे-74 पर यातायात प्रभावित रहा। बस में सवार यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। करीब तीन बजे कुछ युवकों ने सड़क को पूरी तरह जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ चांदपुर देश दीपक और एसडीएम मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने और यातायात सुचारू कराने की कोशिश की। थाना अध्यक्ष परवेज कुमार ने बताया कि परिजनों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है और प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शाम करीब तीन बजे तक पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी हुई थी।
रिपोर्टर: मोहम्मद रहमान









