महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में रविवार को जनपद के सभी थानों पर ‘संवाद दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों ने पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
संवाद दिवस में पुलिस अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों द्वारा जारी आदेशों और निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विशेष रूप से आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो।
संवाद दिवस का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी रहा। बैठक के दौरान पुलिसकर्मियों को अपनी समस्याएं, सुझाव और कार्यस्थल से जुड़ी परेशानियां निडर होकर अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर दिया गया। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को सुनते हुए आवश्यक स्तर पर समाधान का भरोसा दिलाया।
पुलिस विभाग के अनुसार, इस तरह के संवाद से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने, कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में मदद मिलेगी।









