महराजगंज। अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 2.91 लाख रुपये कीमत के MALKIST बिस्किट बरामद किए हैं। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी अपने हमराह हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार सिंह और कांस्टेबल गौरव पासवान के साथ एसएसबी रोड, भंसवलिया के पास संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पिकअप वाहन संख्या UP56T4359 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पिकअप से आठ गत्तों में कुल 480 पीस MALKIST बिस्किट बरामद हुए। पुलिस ने इनकी अनुमानित कीमत 2,91,600 रुपये बताई है। मौके से वाहन चालक अखिलेश जायसवाल उर्फ सनेही (26) पुत्र उमेश जायसवाल, निवासी लक्ष्मीपुर खुर्द, थाना ठूठीबारी, जनपद महराजगंज को हिरासत में लिया गया।
पुलिस का कहना है कि बरामदगी के संबंध में कस्टम अधिनियम की धारा 3 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद बिस्किट और पिकअप वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार सिंह और कांस्टेबल गौरव पासवान शामिल रहे।









