शीशम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव,हत्या की आशंका से फैली सनसनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के सिधावे टोला इनरपुर गांव के बाहर रविवार सुबह शीशम के पेड़ से एक युवक का शव लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना के बाद फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और कई साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान सिधावे खुर्द गांव निवासी सुनील गौड़ उर्फ सोनू गौड़ के रूप में हुई है। सुनील की शादी रामकोला थाना क्षेत्र के सिधावे टोला इनरपुर निवासी शिवानी गौड़ से हुई थी।

राजस्थान से लौटने के बाद लापता था युवक

मृतक के पिता प्रेम गौड़ के मुताबिक सुनील रोजी-रोटी के सिलसिले में पिछले महीने राजस्थान गया था। शनिवार को वह राजस्थान से लौटकर कप्तानगंज पहुंचा था। इसके बाद गांव का एक युवक उसे लेने के लिए गया था। परिजनों के अनुसार इसके बाद सुनील अपने घर नहीं पहुंचा। रविवार सुबह उसका शव गांव के बाहर चकरोड किनारे शीशम के पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों ने शव को देखा तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पत्नी से संबंध खराब होने का आरोप

मृतक के पिता प्रेम गौड़ ने आरोप लगाया कि पिछले तीन-चार महीने से सुनील और उसकी पत्नी के बीच संबंध ठीक नहीं चल रहे थे। उनका कहना है कि सुनील पत्नी को घर लाने के लिए दो-तीन बार ससुराल गया था। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट भी की गई थी। हालांकि, ससुराल पक्ष ने इन आरोपों को खारिज किया है। मृतक की पत्नी और सास का कहना है कि सुनील रविवार से पहले ससुराल आया ही नहीं था। ऐसे में घटना से पहले सुनील कहां था और किन परिस्थितियों में गांव के बाहर पहुंचा, यह पुलिस की जांच का अहम हिस्सा बन गया है।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

शव पेड़ से लटका मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि सुनील की हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटकाया गया हो सकता है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस ने लोगों से मिली जानकारी और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलने पर हल्का दरोगा बादल यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाने के बाद घटनास्थल को सुरक्षित कराया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके की बारीकी से जांच की और मृतक का मोबाइल, आधार कार्ड समेत अन्य सामान कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब मृतक के मोबाइल और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

उक्त सम्बन्ध में रामकोला थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों की ओर से तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

साजिद अंसारी पड़रौना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]