सिसवा क्षेत्र में सावन के अंतिम सोमवार को हरपुर पकड़ी स्थित बउरहवा बाबा के जलाभिषेक के लिए कांवड़ यात्रा का उत्साह चरम पर है। शनिवार सुबह सिसवा नगरपालिका और आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों कांवड़िए और डाक बम नेपाल के त्रिवेणी धाम के लिए रवाना हुए। इस दौरान गाजे-बाजे और ‘बोल-बम‘ के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया।
कांवड़िए ट्रेन, बस, निजी वाहनों और पैदल त्रिवेणी धाम पहुंचेंगे। वहां वे रविवार को त्रिवेणी नदी से कांवड़ में पवित्र जल भरेंगे।
जल भरकर कांवड़िए पदयात्रा कर सिसवा की ओर लौटेंगे। कस्बे में बनाए गए विभिन्न विश्राम स्थलों पर वे रात्रि विश्राम करेंगे। सोमवार तड़के कांवड़िए जल लेकर हरपुर पकड़ी स्थित बउरहवा बाबा मंदिर पहुंचेंगे और विधि-विधान से बाबा का जलाभिषेक करेंगे।
कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। शनिवार को रवाना हुए जत्थों में युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बड़ी संख्या में अन्य श्रद्धालु शामिल रहे। जगह-जगह ‘बोल-बम’ के जयकारों और डीजे की धुन से वातावरण शिवमय नजर आया। कांवड़ियों ने यात्रा के दौरान अनुशासन और आपसी सहयोग बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
रविवार को नेपाल से जल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों के स्वागत और विश्राम के लिए सिसवा कस्बे में कई स्थानों पर व्यवस्थाएं की गई हैं। रातभर विश्राम के बाद सोमवार भोर में कांवड़िए सामूहिक रूप से बउरहवा बाबा का जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस की निगरानी रहेगी।
सावन के अंतिम सोमवार पर होने वाले इस जलाभिषेक को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है। शनिवार से शुरू हुई यह कांवड़ यात्रा सोमवार को बाबा के जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी।









