कुशीनगर। जनपद के फाजिलनगर विकास खंड फाजिलनगर के ग्राम सभा बलियवां स्थित मुसहर बस्ती में 19 मुसहर परिवारों के लिए आवासीय परिसर निर्माण की पहल शुरू हो गई है। शुक्रवार को देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, क्षेत्रीय विधायक सुरेन्द्र कुमार कुशवाहा और ब्लॉक प्रमुख उर्मिला जायसवाल ने विधि-विधान से भूमि पूजन कर आवासीय परिसर का शिलान्यास किया। इस दौरान चयनित लाभार्थियों को संबंधित भूमि के आवासीय पट्टे के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुसहर परिवारों को आवास के साथ मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि आवासीय परिसर में केवल मकानों का निर्माण कराना ही सरकार का उद्देश्य नहीं है, बल्कि वहां रहने वाले परिवारों को शिक्षा, खेल, बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना भी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वंचित और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास मिलने से उनके जीवन में स्थायित्व आएगा। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के साथ उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है।
गरीब परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास का प्रयास
क्षेत्रीय विधायक सुरेन्द्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि वर्तमान सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। गांवों में गरीब और वंचित परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आवासीय परिसर का निर्माण मुसहर समाज के परिवारों के लिए सिर्फ मकान मिलने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलेगा। विधायक ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गरीब परिवारों को मूलभूत सुविधाओं के लिए किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े। आवास के साथ बिजली, पानी, शिक्षा और अन्य सुविधाओं की उपलब्धता से इन परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
82 डिसमिल भूमि पर बनेगा आवासीय परिसर
मुख्य विकास अधिकारी बंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि यह योजना का प्रथम चरण है। इसके तहत करीब 82 डिसमिल भूमि पर 19 मुसहर परिवारों के लिए आवासीय परिसर का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना के दूसरे चरण के लिए भी पात्र परिवारों को चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। सीडीओ ने बताया कि अन्य पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार होने के बाद इसी स्थान से सटे क्षेत्र में योजना के द्वितीय चरण के तहत अतिरिक्त परिवारों के लिए भी आवासीय परिसर का निर्माण कराया जाएगा। इससे आने वाले समय में और अधिक जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जा सकेगा।
लाभार्थियों को वितरित किए गए पट्टे के प्रमाण पत्र
भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान चयनित 19 लाभार्थी परिवारों को संबंधित भूमि के आवासीय पट्टे के प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। प्रमाण पत्र मिलने के बाद लाभार्थी परिवारों में खुशी का माहौल रहा। लंबे समय से बेहतर आवास और स्थायी ठिकाने की उम्मीद लगाए परिवारों के लिए यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख उर्मिला जायसवाल, सांसद प्रतिनिधि सुरेन्द्र सिंह कुशवाहा, मनोज चौबे, अमिताभ मिश्रा, व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास पाण्डेय, विश्वविजय सिंह और ग्राम प्रधान संजय यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन कवि मनंजय तिवारी ने किया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक पीयूष सिंह, डीसी मनरेगा राकेश कुमार, एसडीएम कसया विवेक कुमार मिश्रा, तहसीलदार धर्मबीर सिंह, खंड विकास अधिकारी रवि कुमार रंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, लाभार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
साजिद अंसारी पड़रौना









