चौपाल में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने दिए समाधान के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर के लक्ष्मीगंज के बगहा खुर्द गांव में शुक्रवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं बीडीओ रामकोला मयंक त्रिपाठी ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने गांव की सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में केवल एक सफाईकर्मी होने के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने सामुदायिक शौचालय और प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। स्कूल के पीछे उगी झाड़ियों की तत्काल सफाई कराने, दिव्यांग शौचालय में फाटक लगवाने और साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी शैक्षिक जानकारी परखी और सवाल पूछे।

चौपाल में ग्रामीण कैलाशी देवी ने रमाकांत की छह माह से रुकी पेंशन की समस्या बताई। ग्रामीणों ने विद्यालय में सीसीटीवी कैमरा लगाने और दिव्यांग शौचालय की मरम्मत कराने की मांग की।

इससे पहले ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कुसम्हा गांव पहुंचकर पानी की टंकी और खराब वाटर एटीएम की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]