पनियरा, महराजगंज। महराजगंज जिले के पनियरा नगर पंचायत में गुरुवार शाम स्वास्थ्य सुविधाओं और गरीबी की मजबूरी का दर्दनाक मंजर सामने आया। गंभीर रूप से बीमार बेटे की हालत बिगड़ने पर बुजुर्ग पिता उसे एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने के बजाय ठेले पर लादकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पनियरा पहुंचा। घटना की तस्वीर सामने आने के बाद इलाके में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि युवक की हालत अचानक बिगड़ गई थी। परिवार के पास तत्काल एंबुलेंस की सुविधा लेने की पर्याप्त जानकारी और साधन नहीं था। ऐसे में मजबूर पिता ने बेटे को ठेले पर लिटाया और उसे लेकर अस्पताल की ओर निकल पड़ा।
सबसे मार्मिक तस्वीर तब सामने आई, जब बेटे को ठेले पर लेकर जा रहे बुजुर्ग पिता के पीछे उसकी पत्नी अपने करीब दो साल के मासूम बच्चे को गोद में लेकर पैदल अस्पताल पहुंची। परिवार की इस बेबसी को देखकर आसपास के लोग भी भावुक हो गए।
पीएचसी पनियरा में युवक का प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
सवाल यह है कि गंभीर मरीज के लिए समय पर एंबुलेंस क्यों नहीं पहुंची और क्या परिवार को सरकारी आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा की जानकारी उपलब्ध थी? इन सवालों के जवाब संबंधित स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से अपेक्षित हैं।
रिपोर्ट -अशोक कुमार









