कप्तानगंज में युवक के पैर में दो गोली मारने का आरोप, मेडिकल रिपोर्ट को लेकर पुलिस ने जताया संदेह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बनकटा में देर रात एक युवक को गोली मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। घायल युवक की पहचान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सोहनी गांव निवासी 25 वर्षीय गोपाल दुबे पुत्र पिंटू दुबे के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक के एक पैर में दो गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

दोस्त से मिलने बनकटा पहुंचा था युवक

जानकारी के मुताबिक, गोपाल दुबे देर रात अपने मित्र सदानंद राव से मिलने बनकटा गांव पहुंचा था। गोपाल का आरोप है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान सदानंद राव के दो साथी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद विवाद बढ़ गया और गोपाल के अनुसार, सदानंद राव तथा उसके दोनों साथियों ने उसके एक पैर में दो गोली मार दी।

गोली लगने के बाद गोपाल मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।

पुराने मुकदमे को लेकर विवाद का आरोप

घायल गोपाल दुबे ने बताया कि बिहार के बगहा थाना क्षेत्र में 27 अप्रैल 2026 को शराब से लदी एक पिकअप पकड़ी गई थी। इस मामले में कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था और उसका नाम भी आरोपी के रूप में शामिल किया गया था। गोपाल का दावा है कि इस मामले से उसका कोई लेना-देना नहीं था और वह मुकदमे से अपना नाम निकलवाने को लेकर परेशान था।

गोपाल के मुताबिक, इसी मामले को लेकर वह घटना से करीब चार दिन पहले सदानंद राव के पास गया था। आरोप है कि सदानंद ने उसे कुछ दिनों बाद आधार कार्ड लेकर आने को कहा था। गोपाल का कहना है कि वह देर रात आधार कार्ड लेकर सदानंद के पास पहुंचा, जहां पहले कहासुनी हुई और बाद में दो अन्य युवक भी वहां आ गए। इसके बाद उसके पैर में गोली मार दी गई।

घायल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सदानंद के साथ आए दो युवकों में से एक का नाम यादव है, जबकि दूसरे की पहचान वह नहीं बता सका।

बगहा पुलिस ने मुकदमे में नाम होने की पुष्टि की

वहीं, बिहार के बगहा थाने में तैनात दरोगा अरुण कुमार सिंह के अनुसार, 27 अप्रैल को शराब से लदी एक पिकअप पकड़ी गई थी। इस मामले में करीब छह से सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इस मुकदमे में गोपाल दुबे पुत्र पिंटू दुबे का नाम भी शामिल है और वह अभी वांछित चल रहा है।

पुलिस ने मामले को प्रथम दृष्टया बताया संदिग्ध

इधर, कप्तानगंज थाना पुलिस ने युवक को गोली मारे जाने के दावे पर सवाल उठाए हैं। थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रथम दृष्टया पूरा मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस के मुताबिक, एक मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिसमें गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की दोबारा जांच के लिए दूसरा टेस्ट कराया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि दूसरी रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक को वास्तव में गोली लगी है या नहीं। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि घायल युवक लंबे समय से एक गंभीर मामले में वांछित चल रहा था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घायल युवक के आरोप, मेडिकल रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]