कसया। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर 21 बुद्धनगरी के कृष्णानगर में किराए के कमरे में रह रहे 75 वर्षीय बुजुर्ग का शव बृहस्पतिवार की देर रात फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची कसया पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच और आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार बुजुर्ग आर्यन वर्ष 2021 से कृष्णानगर में किराए का कमरा लेकर अकेले रह रहे थे। बृहस्पतिवार की रात मकान मालिक किराया लेने के लिए उनके कमरे पर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया।
काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर उसे संदेह हुआ। कमरे के बाहर दुर्गंध भी आ रही थी। मकान मालिक ने इसकी सूचना कसया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कसया एसओ इत्यानंद पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर बुजुर्ग का शव छत की कुंडी से फंदे के सहारे लटका मिला। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों के अनुसार कमरा करीब तीन दिनों से बंद था।
इस संबंध में कसया एसओ इत्यानंद पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर गई। बुजुर्ग का शव फंदे से लटका मिला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस बुजुर्ग के स्थायी पते और उनके परिजनों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।









