कसया। नगरपालिका कार्यालय में गुरुवार को एसडीएम विवेक मिश्र के औचक निरीक्षण में ईओ अंकिता शुक्ल सहित आउटसोर्सिंग के सात कर्मचारी अनुपस्थित मिले। कार्यालय में कई कर्मचारियों द्वारा उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर किए बिना ही ड्यूटी करने का मामला भी सामने आया।
अनियमितताओं पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए उपस्थित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए। एसडीएम कार्यालय पहुंचने के बाद सुबह 10 से 10:30 बजे तक गेट बंद कराकर जांच कराई, ताकि कोई कर्मचारी बाहर न जा सके और बाहर से कोई अंदर न आ सके। इसके बाद उपस्थिति पंजिका की जांच की गई।
आउटसोर्सिंग के 36 कर्मचारियों में से सात कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। वरिष्ठ लिपिक राजेश श्रीवास्तव से ईओ अंकिता शुक्ल के बारे में जानकारी लेने पर बताया गया कि वह अभी कार्यालय नहीं पहुंची हैं। उपस्थिति पंजिका की जांच में यह भी सामने आया कि कई कर्मचारी काफी दिनों से बिना हस्ताक्षर किए ही ड्यूटी कर रहे हैं।
इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कर्मचारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने जन्म प्रमाण पत्र और नामांतरण से संबंधित कार्य समय से पूरा करने को कहा। नगरपालिका की संपत्तियों के रखरखाव में लापरवाही न बरतने तथा रोस्टर के अनुसार सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र स्वच्छ और साफ-सुथरा रहना चाहिए।
एसडीएम विवेक मिश्र ने बताया कि नगरपालिका कार्यालय के निरीक्षण में कई कमियां सामने आई हैं। मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। साथ ही उनके स्तर से कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए हैं।









