इलाज के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। पडरौना नगर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 30 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मौत से नाराज परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही और अधिक रकम वसूलने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। मामला बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराई।

मृतका की पहचान बिहार के धनहा निवासी अंगीरा चौहान के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक कुछ दिन पहले वह आधार कार्ड बनवाने के सिलसिले में पडरौना आई थीं। लौटते समय बाइक से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।

परिजनों का कहना है कि महिला की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल से उन्हें रेफर किया गया था। इसके बाद जिला अस्पताल परिसर में मौजूद एक निजी अस्पताल के एजेंट के माध्यम से बेहतर इलाज का भरोसा मिलने पर महिला को पडरौना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। मृतका की दो छोटी बेटियां हैं। परिजनों का कहना है कि मां की मौत से दोनों बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि इलाज में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद परिजन शव को लेकर मुख्य मार्ग पर पहुंच गए और विरोध जताने लगे। जाम की सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी और सुभाष चौक पुलिस चौकी प्रभारी अमित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि महिला की मौत इलाज के दौरान हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

प्रेम सिंह, कुशीनगर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]