खड्डा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, सांसद-विधायक समेत सैकड़ों लोगों ने लिया हिस्सा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर । स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विकास खंड खड्डा द्वारा गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। विकास खंड परिसर से शुरू हुई यह यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और पुनः ब्लॉक परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। तिरंगा यात्रा में कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे, खड्डा विधायक विवेकानन्द पांडेय, खंड विकास अधिकारी अनिल राय, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सचिव, ब्लॉक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन शामिल रहे। यात्रा के दौरान पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत विकास खंड कार्यालय से हुई। यात्रा के आगे चल रहे वाहन पर डीजे के माध्यम से देशभक्ति गीत बजाए जा रहे थे, जबकि पीछे हाथों में तिरंगा लिए सैकड़ों लोग “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों के साथ आगे बढ़ रहे थे। यात्रा जहां-जहां से गुजरी, वहां लोगों ने तिरंगा लहराकर और पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष संग्राम यादव, ग्राम प्रधान आनन्द चौहान, किशुन यादव, गणेश भईया, ओमप्रकाश कुशवाहा, संजय चौहान, संतोष राय, रामप्यारे कुशवाहा, अभिषेक सिंह, हरिओम गोंड सहित दर्जनों ग्राम प्रधान मौजूद रहे। इसके अलावा क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम पंचायत सचिवों और विकास खंड के कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

इस अवसर पर कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से हर घर पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने की अपील की।

खड्डा विधायक विवेकानन्द पांडेय ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के वीर शहीदों के त्याग, बलिदान और संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आजादी लाखों देशभक्तों की कुर्बानियों का परिणाम है और हमें उनके सपनों का भारत बनाने के लिए संकल्पित रहना चाहिए।

खंड विकास अधिकारी अनिल राय ने बताया कि तिरंगा यात्रा का आयोजन ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत किया गया, ताकि लोगों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया जा सके।

तिरंगा यात्रा के समापन पर राष्ट्रगान का आयोजन किया गया और देश की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए संकल्प लिया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और खड्डा नगर तिरंगामय दिखाई दिया।

 

प्रेम सिंह – कुशीनगर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]