सिसवा ब्लॉक के ग्राम सभा सोनबरसा में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर गुरुवार को ब्लॉक परिसर में ग्रामीणों ने आंदोलन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर लंबे समय से लंबित समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत और आवेदन के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है, जिससे लोगों को दैनिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने सोनबरसा चौराहा से दक्षिण टोला में दिनानाथ के घर से सुरेश साहनी के घर तक आरसीसी सड़क और पानी निकासी के लिए नाली निर्माण की मांग की है। इसके अतिरिक्त, बाबूलाल के घर के सामने से लालू साहनी के घर तक की सड़क को पहले मिट्टी डालकर समतल करने और फिर आरसीसी सड़क व नाली बनाने की मांग भी रखी गई।
सोनबरसा बड़ा टोला स्थित पुराने पंचायत भवन की स्थिति भी गंभीर बताई गई है। ग्रामीणों के अनुसार, यह भवन कई वर्षों से जर्जर होकर उपयोग के लायक नहीं रहा। विकास खंड के अधिकारियों द्वारा भवन की जांच की जा चुकी है और इसकी जर्जर स्थिति की रिपोर्ट भी उपलब्ध है। ग्रामीणों ने पुराने भवन को ध्वस्त कर शौचालय और स्वच्छ पेयजल सुविधा से युक्त नया पंचायत भवन बनवाने की मांग की है।इसके साथ ही, ग्रामीणों ने प्रशासन से सभी पात्र लाभार्थियों के आवेदनों की जांच कर शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने और शौचालय निर्माण कराने की अपील की। उनका कहना है कि इन सुविधाओं के अभाव में उन्हें लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
आंदोलन में शामिल ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी से सोनबरसा गांव की समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कराने और आवश्यक प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई चाहिए। इस अवसर पर संजय निषाद सहित सोनबरसा के कई ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन जारी रखा जाएगा।
अरुणेश कुमार गुप्त









