हजारों लोगों ने थामा तिरंगा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर शहीद स्थल पर पुष्प अर्पित कर यात्रा का हुआ शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को सदर ब्लॉक परिसर स्थित शहीद स्थल से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, छात्रों, युवाओं, सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों समेत हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया। देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सदर ब्लॉक परिसर स्थित शहीद स्थल पर विधान परिषद सदस्य एवं जिले के प्रभारी मुख्य अतिथि मुकेश शर्मा, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, जिला प्रभारी राम जियावन मौर्य और जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने पुष्प अर्पित कर किया।

यात्रा सक्सेना तिराहे पहुंची, जहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रोफेसर शिब्बन लाल सक्सेना को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद दुर्गा मंदिर पहुंचकर पूजन के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुकेश शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान, एकता, अखंडता तथा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने राष्ट्रीय ध्वज को हर देशवासी के सम्मान और गौरव से जोड़ने का काम किया है।

उन्होंने अमर क्रांतिकारियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी अनगिनत वीरों के त्याग का परिणाम है। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और योगदान से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।

पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रध्वज से जोड़ना और शहीदों के बलिदान को याद करना है।

सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य ज्ञात-अज्ञात वीरों के त्याग, तपस्या और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करने के साथ-साथ उनकी राष्ट्रभक्ति और संघर्ष की प्रेरणा आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना भी हमारी जिम्मेदारी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भागीदारी करने का आह्वान किया।

इस दौरान जिला प्रभारी राम जियावन मौर्य, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि इंजीनियर विवेक गुप्ता, प्रमुख ओम प्रकाश जायसवाल, प्रमुख राम हरख गुप्ता, चेयरमैन संतोष जायसवाल, अजय मधेशिया और उमेश जायसवाल सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।

तिरंगा यात्रा में पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी, परदेसी रविदास, वरिष्ठ नेता अजय कुमार श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, शैलेश पांडेय, सरोज पांडेय, डॉ. फरीदा ईरम, जिला महामंत्री एवं तिरंगा यात्रा संयोजक बबलू यादव, सह संयोजक प्रभाकर द्विवेदी, मधुर सिंह, जिला मंत्री बैजनाथ पटेल, दिनेश जायसवाल, ठाकुर रौनियार, जिला कोषाध्यक्ष आकाश गुप्ता, वरिष्ठ नेता राजेंद्र पटेल, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष कमलेश जायसवाल, वंदना तिवारी, सुमित्रा भारती, शुभलक्ष्मी सिंह, मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, टाइगर तिवारी, अशोक पटेल, विजय गौड़, गोविंद जायसवाल और आकाश श्रीवास्तव सहित हजारों लोग मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। आयोजकों ने लोगों से राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]