हाटा का मंझरिया देवी मंदिर का 4.70 करोड़ से विकास, फिर भी बिजली व्यवस्था न होने से अंधेरे में डूबता परिसर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर जिले की हाटा तहसील क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मंझरिया देवी मंदिर का करीब 4 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से विकास और सुंदरीकरण कराया जा रहा है। पर्यटन विभाग की ओर से चल रहा यह कार्य अब अंतिम चरण में बताया जा रहा है। हालांकि, करोड़ों रुपये के विकास कार्य के बावजूद मंदिर परिसर में बिजली की समुचित व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मंदिर के पुजारी का कहना है कि बिजली की व्यवस्था नहीं होने के कारण शाम होते ही पूरा मंदिर परिसर अंधेरे में डूब जाता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए मंदिर परिसर में बिजली की व्यवस्था बेहद जरूरी है। उनका कहना है कि विकास कार्य होने के बावजूद इस मूलभूत सुविधा का अभाव चिंता का विषय है।

पुजारी बालक दास के मुताबिक, कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे और हाटा विधायक मोहन वर्मा, और सुकरौली ब्लाक प्रमुख रंजना पासवान के प्रयासों से मंदिर का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। विकास योजना के तहत मंदिर परिसर में एक बड़ा हॉल, दो दुकानों, स्टेज और अन्य सुंदरीकरण कार्य कराए जा रहे हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न निर्माण कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।

हालांकि, मंदिर के पुजारी ने मंदिर के गुंबद के निर्माण की जरूरत भी बताई। उनका कहना है कि मौजूदा बजट में गुंबद निर्माण को शामिल नहीं किया गया है, जबकि मंदिर के स्वरूप और धार्मिक महत्व को देखते हुए गुंबद का निर्माण बेहद आवश्यक है।

वहीं, हाटा विधायक मोहन वर्मा इस विकास कार्य को अपने कार्यकाल का सबसे बेहतरीन कार्य बता रहे हैं। विधायक का कहना है कि मंझरिया देवी मंदिर पहले काफी खस्ता हालत में था। कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे के सौजन्य से करीब 4 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से पर्यटन विभाग द्वारा मंदिर का जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण कराया जा रहा है।

विधायक के अनुसार, मंदिर का विकास कार्य अब अंतिम चरण में है। ऐसे में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की मांग है कि विकास कार्यों के साथ मंदिर परिसर में बिजली जैसी बुनियादी सुविधा भी सुनिश्चित की जाए, ताकि शाम और रात के समय श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में देवी के दर्शन कर सकें।

हाटा, कुशीनगर मनोज कुमार यादव

और पढ़ें

[the_ad id="164"]