मिठौरा, महराजगंज। मिठौरा विकासखंड के ग्राम सभा परसा राजा में राशन वितरण को लेकर बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। काली माता मंदिर परिसर में करीब 100 ग्रामीण जुटे और कोटेदार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए राशन वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें तीन बार का राशन नहीं दिया गया। साथ ही, राशन मिलने पर भी प्रति व्यक्ति करीब एक किलो कम राशन दिए जाने की शिकायत ग्रामीणों ने की। ग्रामीणों ने कहा कि लगातार कथित अनियमितता के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मांग की कि राशन वितरण की जांच कराई जाए और पात्र लाभार्थियों को मानक के अनुसार पूरा राशन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले में कार्रवाई की मांग की।
मामले में कोटेदार का पक्ष सामने नहीं आ सका है। वहीं, ग्रामीणों की शिकायत को लेकर जिला पूर्ति अधिकारी से फोन पर उनका पक्ष जानने के लिए कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
अब सवाल यह है कि ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की विभागीय जांच कब होगी और राशन वितरण में कथित अनियमितता की वास्तविक स्थिति क्या है। जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।









