निचलौल क्षेत्र। ग्राम सभा कटहरी खुर्द में साफ-सफाई व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों और दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और नालियां कूड़े-कचरे से जाम पड़ी हैं। कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी दुकानों और लोगों के दरवाजों के सामने बह रहा है।
ग्रामीणों और दुकानदारों जय गोविन्द वर्मा, मिथिलेश कुमार, जितेंद्र शर्मा, संदीप, समसुद्दीन, नागेंद्र, इंद्रेश, मनोज वर्मा और प्रमोद चौधरी ने बताया कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है। नालियों में कूड़ा भरा होने से पानी की निकासी बाधित है और गंदा पानी रास्तों व दुकानों के सामने जमा हो जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सभा में सफाई कर्मी द्वारा एक युवक को सफाई के लिए लगाया गया है। आरोप है कि जिस घर के सामने कूड़ा या जाम नाली की सफाई की जाती है, वहां सफाई के बाद 20 से 30 रुपये तक लिए जाते हैं। इस व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है और उनका कहना है कि नियमित एवं व्यवस्थित सफाई व्यवस्था की जरूरत है।
ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच गंदगी और जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। वहीं, जगह-जगह उगी खरपतवार और जमा कूड़े के कारण सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का भी डर बना हुआ है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से गांव में नियमित सफाई कराने, नालियों की तत्काल सफाई कराने और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।









