इटहिया से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, तीन घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। सावन के दूसरे सोमवार को इटहिया शिव मंदिर में जलाभिषेक कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मिठौरा क्षेत्र के पड़री कला गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रॉली में करीब 50 श्रद्धालु सवार बताए गए हैं। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जबकि अन्य श्रद्धालु सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार पिपरिया गुरु गोविंद राय गांव के ग्रामीण सावन के दूसरे सोमवार को इटहिया स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए गए थे। पूजा-अर्चना के बाद शाम को सभी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस गांव लौट रहे थे। पड़री कला के पास पहुंचने पर अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली सड़क किनारे नहरनुमा गड्ढे में पलट गई।

ट्रॉली के पलटते ही उसमें बैठे श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने ट्रॉली में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

हादसे में घायल तीन श्रद्धालुओं को उपचार के लिए जगदौर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य में पुलिस के साथ ग्रामीणों ने भी सहयोग किया। क्षेत्राधिकारी निचलौल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टला और ट्रॉली में सवार करीब 50 श्रद्धालुओं की जान बच गई।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]