महराजगंज। घुघली विकासखंड क्षेत्र से होकर गुजरने वाली छोटी गंडक नदी में शनिवार को बैकुंठी घाट के पास मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। नदी किनारे मौजूद लोगों ने पानी में एक बड़े जलीय जीव को विचरण करते देखा। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और मगरमच्छ दिखाई देने की खबर पूरे क्षेत्र में तेजी से फैल गई।
स्थानीय लोगों में कुछ ने नदी में दिखाई दिए जीव को मगरमच्छ, जबकि कुछ लोगों ने उसे घड़ियाल बताया। हालांकि, अभी तक वन विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की गई है। नदी में मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोग नदी के आसपास जाने से भी बच रहे हैं।
फारेस्टर गौरव तिवारी ने बताया कि छोटी गंडक नदी मगरमच्छों का प्राकृतिक आवास है। बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने और पानी का बहाव तेज होने के कारण मगरमच्छ अक्सर नदी के किनारे या खुले हिस्से में दिखाई दे सकते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि नदी के आसपास सतर्क रहें और मगरमच्छ दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे पकड़ने का प्रयास न करें। साथ ही नदी में उतरने से पूरी तरह बचें। फारेस्टर ने बताया कि सूचना के बाद वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। टीम मौके पर पहुंचकर जलीय जीव की स्थिति और पहचान की जानकारी जुटाएगी तथा आवश्यक कार्रवाई करेगी।
घुघली संवाददाता अनुराग जायसवाल की रिपोर्ट









