सिसवा में IPL कर्मचारी की संदिग्ध मौत, पत्नी ने प्रबंधन पर मानसिक उत्पीड़न का लगाया आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। सिसवा स्थित इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) इकाई में कार्यरत रहे कर्मचारी अरविंद सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। मृतक की पत्नी भानुप्रिया सिंह ने कोठीभार थाने में तहरीर देकर मिल प्रबंधन के अधिकारियों और कर्मचारियों पर मानसिक उत्पीड़न, नौकरी से जबरन हटाने और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।

भानुप्रिया सिंह के अनुसार, उनके पति अरविंद सिंह करीब 22 वर्षों से आईपीएल सिसवा इकाई के चिकित्सालय में सेवा दे रहे थे। आरोप है कि पिछले करीब एक वर्ष से यूनिट हेड और एचआर विभाग की ओर से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा था और नौकरी से हटाने की धमकियां दी जा रही थीं। करीब चार माह पहले उन्हें बिना विधिक नोटिस के पदमुक्त कर दिया गया।

नौकरी से हटाए जाने के खिलाफ अरविंद सिंह ने श्रम आयुक्त, गोरखपुर मंडल के न्यायालय में वाद दायर किया था, जो वर्तमान में विचाराधीन बताया जा रहा है। पत्नी का आरोप है कि मुकदमा दायर किए जाने की जानकारी मिलने के बाद प्रबंधन की ओर से केस वापस लेने का दबाव बनाया जाने लगा। इनकार करने पर कथित रूप से गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न किया गया।

तहरीर के मुताबिक, 5 अगस्त की शाम करीब सात बजे मिल के कुछ कर्मचारी अरविंद सिंह के घर पहुंचे और मुकदमा वापस नहीं लेने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उनका उपचार कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और 7 अगस्त को उनकी मौत हो गई।

कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

सिसवा संवाददाता – अरुणेश कुमार गुप्त

और पढ़ें

[the_ad id="164"]