हरिद्वार में नमामि गंगे घाट पर चला स्वच्छता अभियान, 230 किलो कूड़े का निस्तारण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला पंचायत के अधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों ने किया श्रमदान, गंगा को निर्मल रखने का दिया संदेश

हरिद्वार। जिलाधिकारी के दिशा-निर्देश और मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में हरिद्वार के नमामि गंगे घाट चंडीघाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला पंचायत हरिद्वार के अधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अभियान के तहत घाट परिसर में साफ-सफाई करते हुए करीब 230 किलोग्राम कूड़े का निस्तारण किया गया।

स्वच्छता अभियान में जिला पंचायत हरिद्वार के अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए घाट परिसर में फैले कूड़े-कचरे को एकत्र किया और उसका उचित निस्तारण कराया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य गंगा घाटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के साथ ही लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान अधिकारियों ने गंगा नदी की निर्मलता और पवित्रता बनाए रखने का संदेश दिया।

अधिकारियों ने कहा कि गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से घाटों पर कूड़ा-कचरा नहीं फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। अभियान के माध्यम से स्वच्छ गंगा और स्वच्छ हरिद्वार का संदेश दिया गया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]