ऋषिकेश। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने ऋषिकेश विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की दावेदारी के संकेत दिए हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट देने का अंतिम निर्णय पार्टी संगठन का होगा और संगठन जो भी जिम्मेदारी सौंपेगा, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगी।
कुसुम कंडवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। ऐसे में चुनाव के दौरान टिकट के लिए कई दावेदारों का सामने आना स्वाभाविक है। टिकट मांगना प्रत्येक कार्यकर्ता का अधिकार है, लेकिन पार्टी संगठन का निर्णय सभी के लिए सर्वोपरि होता है।
ऋषिकेश विधानसभा सीट से अपनी संभावित दावेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से किसी प्रतिस्पर्धा में शामिल नहीं हैं। वह पार्टी की समर्पित कार्यकर्ता हैं और लगातार धरातल पर रहकर जनता की सेवा कर रही हैं। संगठन उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगा, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि वह और संगठन के अन्य कार्यकर्ता सुबह से शाम तक जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास करते हैं। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में महिलाओं की समस्याओं का निराकरण कराना और पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
कंडवाल के इस बयान के बाद ऋषिकेश विधानसभा सीट पर भाजपा के संभावित दावेदारों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।









