तमकुहीराज सीएचसी में अब प्रतिदिन लगेगा एंटी रेबीज इंजेक्शन, मरीजों को बड़ी राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंगलवार और शुक्रवार का इंतजार खत्म, अस्पताल में अलग स्टॉल बनाकर स्वास्थ्यकर्मियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

तमकुहीराज, कुशीनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमकुहीराज में अब कुत्ता, सियार, बिल्ली समेत अन्य जानवरों के काटने से प्रभावित मरीजों को प्रतिदिन एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया जाएगा। सीएचसी अधीक्षक डॉ. हिमांशु मिश्र की पहल पर शुरू की गई इस नई व्यवस्था से क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब मरीजों को इंजेक्शन लगवाने के लिए निर्धारित दिनों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

जानकारी के अनुसार, पहले सीएचसी तमकुहीराज में सप्ताह में केवल मंगलवार और शुक्रवार को ही एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया जाता था। ऐसे में अन्य दिनों में जानवरों के काटने से प्रभावित मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार मरीजों को इंजेक्शन लगवाने के लिए दोबारा अस्पताल आना पड़ता था।

मरीजों की इस समस्या को देखते हुए सीएचसी अधीक्षक डॉ. हिमांशु मिश्र ने प्रतिदिन इंजेक्शन लगाने की व्यवस्था शुरू कराई है। इसके लिए अस्पताल परिसर में अलग स्टॉल बनाया गया है। स्टॉल के संचालन और मरीजों को इंजेक्शन लगाने की जिम्मेदारी स्वास्थ्यकर्मियों की टीम को सौंपी गई है।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. हिमांशु मिश्र ने बताया कि मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना अस्पताल की प्राथमिकता है। नई व्यवस्था के तहत अस्पताल के निर्धारित कार्य समय में प्रतिदिन एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जानवरों के काटने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श और उपचार लेना जरूरी है। इस पहल से मरीजों को समय पर उपचार मिलने के साथ अनावश्यक भागदौड़ से भी राहत मिलेगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]