एसडीएम ने नौरंगिया के दोनों विद्यालयों में बीएलओ के कार्यों का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया की समीक्षा, अभिलेखों के सत्यापन के दिए निर्देश

खड्डा, कुशीनगर। विधानसभा क्षेत्र 329 खड्डा में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी खड्डा ने प्राथमिक विद्यालय नौरंगिया एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय नौरंगिया स्थित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की समीक्षा करते हुए मतदाता पंजीकरण और सूची में संशोधन की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बीएलओ से मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाने तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के उपयोग और आवेदन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार का संशोधन निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाए। आवेदन प्राप्त करते समय संबंधित अभिलेखों की जांच और सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।

उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही मतदाताओं को आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बीएलओ से निर्वाचन संबंधी सवाल पूछकर उनकी कार्यप्रणाली और जानकारी का भी आकलन किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी।

एसडीएम ने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद जरूरी है। निर्वाचन संबंधी सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]