ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में यातायात और पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीस्टोरी पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने निर्माणाधीन पार्किंग का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने से ऋषिकेश आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। मल्टीस्टोरी पार्किंग में लगभग 1050 वाहनों को खड़ा करने की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही आधुनिक सुविधाओं के तहत इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग पॉइंट, लिफ्ट और वाहनों के सुगम आवागमन के लिए बेहतर तकनीकी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि पार्किंग परिसर में नगर निगम सहित अन्य विभागों के कार्यालय और पूजा-प्रार्थना स्थल बनाने का भी प्रस्ताव है। परियोजना को अगस्त 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
हालांकि, विधायक ने कार्यदायी संस्था को आगामी चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश चारधाम यात्रा का प्रमुख प्रवेश द्वार है। ऐसे में पार्किंग व्यवस्था मजबूत होने से शहर में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारु होगी।









