प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर में दो समुदायों से जुड़ा मामला, पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाया, दोनों पक्षों पर कार्रवाई

कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बाबूराम बेलवा सेमरा गांव में प्रेमिका से मिलने पहुंचे 18 वर्षीय युवक को बिजली के खंभे से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में पुलिस सतर्कता बरत रही है।

जानकारी के अनुसार, पड़ोसी गांव बरवा पूर्दिल निवासी युवक गुरुवार देर रात करीब दो बजे बाबूराम बेलवा सेमरा गांव के चौराहे के पास गन्ने के खेत में एक महिला से मिलने पहुंचा था। महिला तीन बच्चों की मां बताई जा रही है। इसी दौरान महिला के परिजनों और ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि युवक को रस्सी से बिजली के खंभे में बांधकर उसकी जमकर पिटाई की गई।

बताया जा रहा है कि महिला ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने युवक को छुड़ाने का प्रयास किया। बाद में प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे पुलिस बल के साथ पहुंचे और युवक को भीड़ से मुक्त कराकर कोटवा सरकारी अस्पताल भिजवाया।

घटना के वीडियो वायरल होने पर लोगों ने कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि किसी पक्ष से लिखित तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल दोनों पक्षों के विरुद्ध शांति भंग की कार्रवाई की गई है। पुलिस गांव की स्थिति पर नजर रखे हुए है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]