मुगलसराय (चंदौली)। भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रियंका तिवारी ने संगठन को मजबूत बनाने और गांव-गांव महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। पुराने कार्यकर्ताओं के साथ नए चेहरों को भी संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी।
प्रियंका तिवारी ने अपनी नियुक्ति पर पार्टी के शीर्ष और जिला नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पूरी निष्ठा और मेहनत से इस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक गांव, मंडल और विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं से संपर्क अभियान चलाया जाएगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाई जाएगी।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आवास योजना, शौचालय निर्माण और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाना प्राथमिकता होगी।
प्रियंका तिवारी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत के अनुरूप अंतिम पंक्ति में खड़ी महिला को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने नारी शक्ति वंदन का उल्लेख करते हुए महिलाओं की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
रिपोर्ट- अशोक कुमार जायसवाल









