वायरल वीडियो से प्रशासनिक महकमे में हलचल, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की उठी मांग
कासगंज। जिले के पटियाली विकास खंड में भ्रष्टाचार से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में पटियाली के खंड विकास अधिकारी संजीव कुमार कथित तौर पर एक लाख रुपये देने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि वीडियो की सत्यता की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल वीडियो में कथित रूप से जिलाधिकारी (डीएम), मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) और परियोजना निदेशक (पीडी) तक हिस्सा पहुंचाने की बात कही जा रही है। इन आरोपों ने प्रशासनिक महकमे में भ्रष्टाचार को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
बताया जा रहा है कि वीडियो में बीडीओ कथित तौर पर नेतागिरी नहीं करने की नसीहत देते भी नजर आ रहे हैं। साथ ही बातचीत के दौरान अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के बीच सामने आए इस कथित वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल उठ रहा है कि क्या प्रशासन वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराएगा और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी?
फिलहाल वीडियो की प्रामाणिकता, उसमें की गई बातचीत के संदर्भ और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित अधिकारियों का पक्ष भी सामने नहीं आया है। ऐसे में जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट – जुम्मन कुरैशी, कासगंज









