महराजगंज। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) को नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को बुद्धा सभागार में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जनपद में PET-2026 के लिए कुल 11 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 4,872 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। परीक्षा के दौरान नकल और अन्य अनियमितताओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर लें।
बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। महराजगंज पुलिस ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई। प्रशासन का उद्देश्य अभ्यर्थियों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा में शामिल हो सकें।









