हरदोई। हरदोई के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के खरगपुर गांव में चोरों ने एक किराना व्यापारी के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और सोने के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के दौरान परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। चोरों ने कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी, जिससे कोई बाहर नहीं निकल सके। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी श्यामवीर सक्सेना किराना और खाद-बीज का कारोबार करने के साथ भारतीय स्टेट बैंक का ग्राहक सुविधा केंद्र भी चलाते हैं। बुधवार रात अज्ञात चोर मकान के बाहर रखे लकड़ी के खोखे का सहारा लेकर घर में दाखिल हुए। इसके बाद अलमारी और बक्सों को खंगालकर नकदी व सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के समय घर में रीता सक्सेना और उनकी दो बेटियां भी मौजूद थीं।
गुरुवार सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में रात के अंधेरे में तीन लोग दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, उनकी पहचान की पुष्टि नहीं हुई है।
श्यामवीर सक्सेना की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









