24 नवंबर को होनी थी शादी, पंखे से लटका मिला युवक का शव; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
महोबा में एक दर्दनाक घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। शहर कोतवाली क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में किराये के कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान संतोष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आगामी 24 नवंबर को उसकी शादी होनी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। आखिर युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।
दरअसल, पूरा मामला महोबा के शहर कोतवाली क्षेत्र के शुक्रवारी बाजार के पास का है। यहां किराये के कमरे में संतोष का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक गहरा गांव का निवासी था और जिला अस्पताल स्थित डायलिसिस सेंटर में सफाई संविदा कर्मी के पद पर कार्यरत था।
परिजनों के मुताबिक, संतोष की शादी आगामी 24 नवंबर को श्रीनगर थाना क्षेत्र के चितैयन गांव में तय हुई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिवार खुशियों के इंतजार में था। लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस घर में जल्द ही शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









