महराजगंज। करवा चौथ के पर्व को लेकर बाजारों में तैयारियां तेज होने लगी हैं। पत्नी को खास महसूस कराने के लिए पति अपनी पसंद और बजट के अनुसार उपहार खरीदने में जुटे हैं। बाजार में साड़ी, ड्रेस, आभूषण और कॉस्मेटिक सामान लोगों की पसंद बने हुए हैं। पर्व नजदीक आने के साथ दुकानों पर खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है।
उपहार को आकर्षक बनाने के लिए दुकानों पर साड़ी और चुनरी की गिफ्ट पैकिंग भी कराई जा रही है। बस स्टेशन के पास कपड़ा व्यापारी अभिषेक जायसवाल ने बताया कि करवा चौथ पर पत्नी को उपहार देने के लिए ग्राहक साड़ियों की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में एक हजार से पांच हजार रुपये तक की साड़ियों की मांग है। कई ग्राहक साड़ी के साथ चुनरी भी खरीद रहे हैं और उसे आकर्षक तरीके से पैक कराकर उपहार देने की तैयारी कर रहे हैं।
वहीं, हनुमानगढ़ी चौराहे स्थित ज्वेलरी कारोबारी विवेक वर्मा के मुताबिक, करवा चौथ पर पत्नी को उपहार देने के लिए लोग अपनी क्षमता के अनुसार पायल और ब्रेसलेट खरीद रहे हैं। इन आभूषणों की कीमत करीब सात हजार से 20 हजार रुपये तक है। ग्राहक आभूषणों की गिफ्ट पैकिंग में भी रुचि दिखा रहे हैं।
करवा चौथ को लेकर बाजार में बढ़ती चहल-पहल से कारोबारियों को अच्छे व्यापार की उम्मीद है। पर्व के करीब आने के साथ कपड़ों और आभूषणों की दुकानों पर ग्राहकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।









