मैनपुरी। आगामी स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री आलोक शाक्य के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी से मुलाकात कर चुनाव संबंधी अपनी चिंताओं से अवगत कराया।
इस दौरान सपा नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में संभावित गड़बड़ी की आशंका जताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराने की मांग की। जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष और पारदर्शी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से चुनाव संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेने की मांग की।
वहीं, किशनी विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक बृजेश कठेरिया ने आरोप लगाया कि एमएलसी चुनाव में गड़बड़ी कराने की सूचनाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को ऐसी आशंकाओं पर ध्यान देते हुए आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजवादी पार्टी के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सपा नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया की निगरानी और निष्पक्षता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।









