खड्डा में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, फंदे से लटका मिला शव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पिता ने लगाया हत्या का आरोप, जमीन बंटवारे को लेकर विवाद की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

खड्डा, कुशीनगर। खड्डा थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के महुआ खुर्द टोला (गोपाल टोला) में बुधवार शाम एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर के अंदर छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतका की पहचान सरिता पत्नी रामकृपाल यादव के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2014 में हुई थी। उसके एक बेटा और दो बेटियां हैं। बताया गया कि महिला का पति करीब दो महीने बाद बुधवार को राजस्थान से घर लौटा था। घटना के समय वह सब्जी खरीदने बाजार गया था।

घर में महिला को फंदे से लटका देखकर बच्चियों ने शोर मचाया। आसपास के लोगों ने पहुंचकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतका के पिता ब्रह्मा यादव ने आरोप लगाया कि जमीन के बंटवारे को लेकर पट्टीदारों से विवाद चल रहा था। उन्होंने मारपीट और हत्या की आशंका जताई। वहीं, घटना से पहले महिला द्वारा मायके फोन करने की बात भी सामने आई है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आत्महत्या और हत्या सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]