लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सदर कैंट थाना क्षेत्र स्थित गोला बाजार में बुधवार को सरला एंड संस ईवी स्कूटी शोरूम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम में रखी कई स्कूटी और बाइक इसकी चपेट में आ गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास की बर्तन की दुकान तक पहुंच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से शोरूम में रखे कई दोपहिया वाहन जलकर राख हो गए। हादसे में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में ईवी स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियातन इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।









