मथुरा। थाना जमुनापार क्षेत्र के मथुरा-राया मार्ग पर गांव लोहवन के समीप गौरव ढाबा के पीछे स्थित एक गद्दा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस अग्निकांड में फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख होने की आशंका है।

फैक्ट्री में आग इतनी भीषण थी कि लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक फैक्ट्री में रखा सामान जलकर खाक हो चुका था। आग से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो सका है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या अन्य किसी वजह से आग लगी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में आग लगने को लेकर चर्चा बनी हुई है।









