बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से मासूम समेत दो की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाईवे पर डुबकी मोड़ के पास आधी रात को हुआ हादसा, युवक का शव 100 मीटर तक घिसटा, मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस

बाराबंकी। जिले के मसौली थाना क्षेत्र में बीती मध्य रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई। हाईवे स्थित डुबकी मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने करीब 35 वर्षीय युवक और तीन वर्षीय बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक का शव करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, मसौली थाना क्षेत्र के डुबकी मोड़ के पास देर रात हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव पहुंचाया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

एक ही सड़क हादसे में मासूम बच्चे और युवक की मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस मृतकों की पहचान कराने और उनके परिजनों का पता लगाने के प्रयास में जुटी हुई है।

वहीं, हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश भी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और टक्कर मारने वाला वाहन कौन सा था।

फिलहाल मसौली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान होने के बाद हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]