हरदोई। जिले के संडीला कस्बे में नई तहसील के पीछे स्थित राज होटल पर पुलिस ने कथित अनैतिक गतिविधियों की सूचना के आधार पर छापेमारी की। 17 अक्टूबर को हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चार जोड़ों को पकड़ा। वहीं, मामले में होटल मालिक और मैनेजर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई। छापेमारी के दौरान फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया पूरी की। होटल से आपत्तिजनक सामग्री मिलने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के बाद देर रात होटल मालिक, मैनेजर और तीन अन्य लोगों के खिलाफ संडीला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। अधिकारियों का कहना है कि होटल में कथित देह व्यापार की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की थी।
सीओ संडीला श्लोक गौतम ने छापेमारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके से चार जोड़े पकड़े गए हैं। मामले में पांच लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता: अमित सिंह, हरदोई









