फ्री फायर गेम की आईडी के नाम पर 2.60 लाख की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिहार से इटावा बुलाकर की धोखाधड़ी, दो तमंचे, अधिया बंदूक, कारतूस और कार बरामद

इटावा। फ्री फायर गेम की महंगी आईडी खरीदने के बहाने बिहार के युवक को इटावा बुलाकर 2.60 लाख रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन और बढ़पुरा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कार बरामद हुई है।

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता में बताया कि बिहार के बक्सर निवासी अंशु कुमार ने 15 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि फ्री फायर गेम की आईडी खरीदने के बहाने उन्हें दो साथियों सहित इटावा बुलाया गया। जेल के पीछे पौधशाला के पास आरोपियों ने मोबाइल से गेमिंग आईडी ट्रांसफर कराई और बिना भुगतान किए फरार हो गए।

एसएसपी के निर्देश पर 16/17 अक्टूबर की रात पुलिस लायन सफारी रोड स्थित ठंडी पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सफेद अल्टो कार सवार तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों की पहचान धमना निवासी ओपेंद्र भदौरिया, देवेंद्र भदौरिया और बाहुरी निवासी अभिराम के रूप में हुई।

पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचे, एक अधिया बंदूक, चार कारतूस, दो मोबाइल, 850 रुपये और अल्टो कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार, ओपेंद्र और देवेंद्र पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]