चलती ट्रेन से गिरी बुजुर्ग महिला, हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

महराजगंज के सबया ढाला के पास चलती ट्रेन से गिरी घायल बुजुर्ग महिला की सांकेतिक तस्वीर।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोठीभार थाना क्षेत्र के सबया ढाला के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती ट्रेन से गिरने के कारण करीब 60 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसके चलते वह अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं है।

सीएचसी से जिला अस्पताल किया गया रेफर

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया।

पहचान कराने में जुटी पुलिस

सीएचसी से रात करीब 10 बजे कोठीभार पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार घायल महिला की उम्र लगभग 60 वर्ष है, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वह अपना नाम और पता बताने में असमर्थ है।

महिला की पहचान कराने और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने के लिए पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है।

थानाध्यक्ष ने की लोगों से सहयोग की अपील

कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि महिला की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को घायल महिला के बारे में जानकारी हो तो तत्काल कोठीभार थाना या स्थानीय पुलिस से संपर्क करें, ताकि परिजनों को सूचना देकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]