अलीगढ़। जिले के टप्पल थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना टप्पल पुलिस, क्रिमिनल इंटेलीजेंस विंग और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से 6 किलो 528 ग्राम चरस, 27 हजार 500 रुपये नकद और एक टाटा टियागो कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद चरस की भारतीय बाजार में कीमत करीब 67 लाख रुपये, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 3 करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मथुरा जिले के नौहझील क्षेत्र के पारसौली निवासी लक्ष्मण और कोसीकलां क्षेत्र के गिदोह निवासी सुरेश के रूप में हुई है।
क्षेत्राधिकारी खैर अभिषेक कुमार पटेल के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर कार सवार दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने पहाड़ी क्षेत्रों से चरस लाकर एनसीआर समेत विभिन्न राज्यों में सप्लाई करने की जानकारी दी है।
पुलिस कथित तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की जांच कर रही है। मामले में टप्पल थाने में मुकदमा संख्या 634/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/29/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट आकाश सोनी









