मेरठ। श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा के तत्वावधान में श्री रामलीला कमेटी द्वारा बुढ़ाना गेट स्थित जिमखाना मैदान में भव्य रामलीला का मंचन किया गया। शबरी मिलन और श्रीराम-हनुमान मिलन के भावपूर्ण दृश्यों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
रामलीला में राम विलाप, जटायु शरणागति, शबरी मिलन, राम-हनुमान मिलन, सुग्रीव मित्रता, बाली वध और माता सीता की खोज के प्रसंगों का सजीव मंचन हुआ। शबरी द्वारा भगवान श्रीराम को प्रेमपूर्वक बेर खिलाने का दृश्य देखकर दर्शक भावुक हो उठे। वहीं हनुमान और श्रीराम के मिलन ने श्रद्धालुओं की आंखें नम कर दीं।
राम-सुग्रीव मित्रता के दृश्य पर दर्शकों ने तालियां बजाईं। बाली वध के प्रसंग ने भी दर्शकों को रोमांचित किया। इसके बाद माता सीता की खोज के लिए वानर सेना के प्रस्थान का मंचन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन अरविंद मारवाड़ी ने किया। देवेंद्र कंसल, अनवेश गर्ग, राजन गर्ग सहित अन्य अतिथियों ने पूजन किया।
संस्था अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि 17 अक्टूबर को हनुमान जी का लंका प्रवेश, सीता-हनुमान संवाद, अक्षय कुमार वध और लंका दहन का मंचन होगा।
इस अवसर पर महामंत्री मनोज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष योगेंद्र अग्रवाल, डॉ. आलोक गुप्ता, राकेश गर्ग, रोहताश प्रजापति, राकेश शर्मा, विपुल सिंघल, मयंक अग्रवाल सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।









