बाराबंकी में शूर्पणखा का नाक-कान भंजन, खर-दूषण का वध

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बाराबंकी। दशहराबाग के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में श्री रामलीला सेवा समिति के तत्वावधान में चल रही रामलीला में शुक्रवार को शूर्पणखा के नाक-कान भंजन और खर-दूषण वध की लीला का भव्य मंचन किया गया। इस दौरान पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।
रामचरितमानस के प्रसंग के अनुसार, पंचवटी में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण निवास कर रहे थे। इसी दौरान रावण की बहन शूर्पणखा भगवान श्रीराम पर मोहित होकर उनसे विवाह का प्रस्ताव रखती है। असफल होने पर वह माता सीता पर हमला करने दौड़ती है, तभी लक्ष्मण उसकी नाक काट देते हैं।

अपमानित शूर्पणखा अपने भाइयों खर और दूषण के पास पहुंचकर उन्हें घटना की जानकारी देती है। इसके बाद भगवान श्रीराम और खर-दूषण के बीच भीषण युद्ध होता है, जिसमें श्रीराम दोनों राक्षसों का वध कर देते हैं। खर-दूषण के वध के बाद देवताओं द्वारा पुष्पवर्षा का दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिससे दर्शक भक्तिभाव में डूब गए।

मंचन में शूर्पणखा की भूमिका सागर चावला, खर की भूमिका कार्तिक रस्तोगी और दूषण की भूमिका संदीप सिंह ने निभाई। व्यास पंडित प्रमोद पाठक के निर्देशन में हुई लीला में समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में रामभक्त मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]