दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त व डीआईजी ने परखीं तैयारियां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश, संवेदनशील क्षेत्रों में रहेगी विशेष निगरानी

बाराबंकी। बाराबंकी में दुर्गा पूजा, दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त राजेश कुमार और डीआईजी सोमेन बर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने शोभायात्रा मार्गों की मरम्मत, पूजा पंडालों की सुरक्षा और प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विसर्जन घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और आपातकालीन बचाव संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित स्थलों पर ही सुनिश्चित किया जाए।

डीआईजी सोमेन बर्मा ने विसर्जन स्थलों पर नावों, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी।

 

रिपोर्ट – रवेंद्र वर्मा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]