महराजगंज मिशन शक्ति 6.0 के तहत संगम बनीं एक दिन की जिला पंचायत राज अधिकारी, साक्षी ने संभाला बीएसए का दायित्व

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज, 16 अक्टूबर। मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, फरेंदा की दो छात्राओं को एक दिन के लिए प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई। कक्षा 11 की छात्रा संगम को जिला पंचायत राज अधिकारी और कक्षा 8 की छात्रा साक्षी को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बनाया गया।

एक दिन की जिला पंचायत राज अधिकारी बनीं संगम ने नौतनवा ब्लॉक के नरकटहा गांव के प्राथमिक विद्यालय में टाइलीकरण न होने और जलजमाव की समस्या पर संबंधित ग्राम सचिव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने से संबंधित आवेदन पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसी क्रम में एक दिन की जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बनीं साक्षी ने प्राथमिक विद्यालय विशुनपुर के सहायक अध्यापक की मानव संपदा पोर्टल पर विवरण सक्रिय कराने संबंधी समस्या सुनी और संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान छात्राओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, विभागीय जिम्मेदारियों और जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया से परिचित कराया गया। अधिकारियों ने छात्राओं को उपहार देकर प्रोत्साहित किया।

इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में निर्णय लेने की क्षमता, नेतृत्व कौशल और जनसेवा की भावना विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]