महराजगंज। नगर पालिका परिषद महराजगंज की ओर से वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल एवं अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है। मेधावी छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर परिवार, विद्यालय और नगर का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें और सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करें।
कार्यक्रम में प्रधान लिपिक बैकुंठनाथ यादव, सभासद डॉ. सिद्धार्थ नाथ शुक्ला, सभासद ऋषिकेश पटेल, सभासद राणा पटेल, सभासद लालजी गुप्ता, सभासद प्रतिनिधि नुरुउल्लाह, मनोनीत सभासद राजीव द्विवेदी, जगदीश निषाद, मुरारी लाल निगम और मेवालाल कनौजिया सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।









