गोरखपुर। चरगांवा में 4 करोड़ 88 लाख 32 हजार रुपये की लागत से निर्मित साइबर थाने के दो मंजिला भवन का शुक्रवारको एडीजी जोन राम कुमार ने उद्घाटन किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया और पूजा-अर्चना कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

अब तक साइबर थाना पुलिस लाइन के पास अस्थायी भवन में संचालित हो रहा था। नए परिसर में स्थानांतरण से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्यस्थल और साइबर अपराध पीड़ितों को अपनी शिकायतें दर्ज कराने में सुविधा मिलेगी। नए भवन में बुधवार से ही कामकाज शुरू हो चुका है।
भवन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, विद्युत आपूर्ति, डीजी सेट, स्थानीय नेटवर्क, स्ट्रीट लाइट और जलापूर्ति जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां तैनात पुलिसकर्मी ऑनलाइन ठगी, बैंक धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों से जुड़े मामलों की जांच करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 19 अप्रैल 2025 को भवन का शिलान्यास किया था और 14 जून 2026 को इसका लोकार्पण किया था। शुक्रवार को एडीजी ने उद्घाटन की औपचारिकता पूरी की।
इस अवसर पर डीआईजी एस. चन्नप्पा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।









