इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा हिंदू देवी-देवताओं को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस बयान को अनुशासनहीनता करार देते हुए कहा कि पार्टी के जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए।
शुक्रवार को स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मतदान करने पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हम सब ईश्वरवादी हैं और हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आस्था रखते हैं। राजकुमार भाटी को इस प्रकार का बयान नहीं देना चाहिए था। उनका बयान पूरी तरह से अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
शिवपाल सिंह यादव के इस बयान के बाद समाजवादी पार्टी के भीतर राजकुमार भाटी की टिप्पणी को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता द्वारा सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताए जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं, आगामी चुनाव को लेकर शिवपाल सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने दावा किया कि पूरे चुनाव में समाजवादी पार्टी के पक्ष में माहौल है और जनता पार्टी के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में है। शिवपाल सिंह यादव के बयान से एक ओर जहां पार्टी प्रवक्ता की टिप्पणी पर असहमति सामने आई है, वहीं दूसरी ओर उन्होंने चुनावी मुकाबले में सपा की मजबूत स्थिति का दावा किया है।








